संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के बनहैती गांव में धान की मड़ाई के समय को लेकर हुए विवाद के बाद पांच लोगों ने ट्रैक्टर चालक और उसके मजदूरों पर लाठी-डंडों, धारदार हथियार व पंच से हमला कर दिया।
मारपीट में ट्रैक्टर चालक समेत तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। घटना के दौरान पीड़ित की जेब से 20 हजार रुपये भी गिरकर गायब हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि चोरमरा गांव निवासी कुलदीप सिंह ट्रैक्टर-थ्रेसर चलाते हैं और उनके साथ दो मजदूर भी रहते हैं। 13 नवंबर को वह बनहैती गांव में धान की मड़ाई करने गए थे। मड़ाई के समय को लेकर किसानों से कुछ कहासुनी हुई थी, जो उस समय शांत हो गई थी।
इसके बाद जब कुलदीप अपने ट्रैक्टर से पास के एक मैरेज लॉन के पास मड़ाई करने जा रहे थे, तभी शाम करीब चार बजे बनहैती निवासी धनंजय, नितेश, राजकुमार, सोमनाथ और भोनू ने उनके मजदूरों रामसुभग व दीपक को घेर लिया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए आरोपितों ने मजदूरों को पीटना शुरू कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रैक्टर चालक कुलदीप सिंह पर भी आरोपितों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इस हमले में कुलदीप और रामसुभग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद से जान बचाई।
आरोप है कि इस दौरान अफरा-तफरी में उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये भी गिरकर गायब हो गए। पीड़ित ने 17 नवंबर को थाने पहुंचकर तहरीर दी। एसओ ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच उपनिरीक्षक मुकेश कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।