-डीएम व एसपी ने एमबीडी बांध का किया निरीक्षण
-संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारी का लिया जायजा
-बांध की हर हाल में सुरक्षा का दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। डीएम संदीप कुमार व एसपी सत्यजीत गुप्ता ने शनिवार को बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों और तुर्कवलिया नायक में बने एमबीडी बांध का राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में निरीक्षण किया। उन्होंने बांध के अतिसंवेदनशील तथा संवेदनशील स्थानों के बारे में जानकारी लेते हुए बाढ़ से बचाव के लिए की गयी तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ से पूर्व कमजोर स्थलों की मरम्मत कार्य के साथ-साथ कटाव निरोधक कार्यों को पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत बांध की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए निर्देशित किया। विदित हो कि प्रतिवर्ष घाघरा नदी के उफान पर आने से क्षेत्र के कई गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगता है। बाढ़ को रोकने के लिए एमबीडी बांध ही एक सहारा है, लेकिन वर्ष 2013 में एमबीडी बांध कट जाने के कारण भारी पैमाने पर घाघरा नदी ने भारी तबाही मचाई थी । बरसात के दिनों में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन बांध की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह चौकस रहता है।