सांथा। विकास खंड के ग्राम पंचायत गोईठहा में सरकारी योजनाओं की गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक ही व्यक्ति को फर्जी तरीके से तीन बार शौचालय का लाभ दिए जाने का आरोप लगा है, जिसकी शिकायत बीडीओ से करके कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शिकायती पत्र में गोईठहा निवासी बदरुद्दीन खान ने बताया कि उन्होंने इस वित्तीय गबन के संबंध में 30 सितंबर 2025 को भी एक पत्र दिया था। जांच में यह पुष्टि हुई थी कि एक ही लाभार्थी को फर्जी तरीके से तीन बार शौचालय आवंटित किया गया। इसमें से दो शौचालय ऑफलाइन और एक ऑनलाइन माध्यम से दर्शाया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विभाग द्वारा दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग ने आरोपियों से केवल एक ही शौचालय का पैसा जमा कराया है। बाकी दो की धनराशि अभी तक सरकारी कोष में जमा नहीं कराई गई है। सबसे गंभीर बात यह है कि जालसाजी की पुष्टि होने के बावजूद अभी तक दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
शिकायतकर्ता ने खंड विकास अधिकारी से भ्रष्टाचार में संलिप्त दोषियों के खिलाफ तत्काल जालसाजी की प्राथमिकी दर्ज किए जाने और शेष दो शौचालयों की सरकारी धनराशि की रिकवरी सुनिश्चित करवाने की मांग की है।