संतकबीरनगर। दुधारा पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार पशु तस्करों पर कानूनी शिकंजा कसा है। पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए छह पशु तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। जनवरी में पुलिस की आरोपियों के साथ मुठभेड़ हुई थी। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
एसओ अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि 28 फरवरी को वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। उसी दौरान पता चला कि मोहम्मद समीम निवासी करमा खान थाना दुधारा ने एक गैंग बना लिया है, जिसके सक्रिय सदस्य एखलाख निवासी कथकपुरवा थाना रुधौली जनपद बस्ती, अलाउद्दीन उर्फ कोईल निवासी रक्शाकला, अनीश निवासी करमा खान, अब्दुल कलाम निवासी रक्शाकला और ईदू निवासी सफियाबाद थाना दुधारा हैं।
यह गिरोह गोवंश का वध करके उसके मांस एवं चमड़े की बिक्री करता है। अभिलेखों की जांच में पाया गया कि गैंग के सदस्यों के खिलाफ थाने पर कई अपराध पंजीकृत हैं, जिसमें आरोपपत्र भी न्यायालय में भेजा जा चुका है। उक्त गिरोह का यह कार्य प्रदेश समाज विरोधी क्रियाकलाप अधिनियम के तहत आता है। इसकी वजह से गैंग के खिलाफ चार्ट तैयार करके 23 फरवरी को जिला मजिस्ट्रेट के यहां भेजा गया। जहां से 28 फरवरी को डीएम कोर्ट से अनुमोदन प्राप्त हो गया। इसके बाद स्थानीय थाना पर उक्त सभी आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्जकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।