संतकबीरनगर। शुक्रवार की शाम आई आंधी से तहसील क्षेत्र धनघटा में बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। करीब 24 घंटे तक क्षेत्र के 600 गांवों में सप्लाई बाधित रही। जिसकी वजह से लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। लोग मोबाइल तक चार्ज करने के लिए परेशान हुए। वैसे शनिवार को सात बजे के करीब बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
धनघटा प्रतिनिधि के अनुसार विद्युत सब स्टेशन मुखलिसपुर, कोचरी, हरिहरपुर व मोलनापुर से होने वाली विद्युत सप्लाई शुक्रवार की शाम आंधी आने के बाद से ही बाधित हो गई। जिसकी वजह से इन सब स्टेशनों से जुड़े क्षेत्र के 600 गांवों में आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान हो गए। यहां तक कि इनवर्टर तक बैठ गए और लोग मोबाइल तक चार्ज नहीं कर पाए।
क्षेत्र के छोटेलाल वर्मा, अजय जायसवाल, पंडित वाचस्पति द्विवेदी ने बताया कि विद्युत व्यवस्था चौबीस घंटे से बाधित रहने से बेहद परेशानी हुई। अलग-अलग क्षेत्रों के जेई एसडी प्रताप और संजय यादव ने बताया कि आंधी के कारण कई जगह विद्युत तार टूट गए थे। उसे ठीक कराया गया है। देर शाम तक विद्युत सप्लाई बहाल कर दी गई।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को देर सायं अचानक आए आंधी-तूफान के कारण नगर व देहात क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई थी। बिजली कर्मियों ने नगर क्षेत्र में कुछ जगह फाल्ट को ठीक करा दिया था, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी रात बाधित रही।
अवर अभियंता एम के यादव ने बताया कि आंधी तूफान के कारण बिजली आपूर्ति ठप हुई थी।पूर्वी कछार क्षेत्र में पेड़ारीकलां में तार पर पेड़ केेे गिरने केेे कारण उस क्षेत्र के करीब पचास गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। शनिवार को सुबह वहां पर पेड़ की डाल को कटवाकर तार को सही करवा दिया गया। रात सात बजे तक बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई।