केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉक्टर महेंद्र पांडेय ने पीडब्ल्यूडी के डाक बंगले में प्रेसवार्ता की।
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षा व्यक्तित्व के विकास का सशक्त माध्यम है। केंद्र सरकार इस दिशा में अहम कार्य कर रही है। इसी के तहत नई शिक्षा नीति के मसौदे पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए देशभर में लोगों से राय ली जा रही है। ये बातें केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉक्टर महेंद्र पांडेय ने पीडब्ल्यूडी के डाक बंगले में प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र के साथ विकास कार्यों का प्रारूप तैयार कर उन्हें लागू कर रही है। जनधन योजना के तहत गरीबों का खाता खुलवाकर उसमें सब्सिडी भेजी जा रही है। वहीं उज्ज्वला योजना के जरिए गरीब महिलाओं को निशुल्क गैस का कनेक्शन देकर उन्हें मुख्य धारा से जोड़ने का काम चल रहा है। इससे पर्यावरण प्रदूषण से भी काफी हद तक मुक्ति मिलेगी।
प्रदेश के असहयोग के कारण केंद्र सरकार की योजनाओं को सही ढंग से लागू करने में दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि प्रदेश में भी भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार बने। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से महाविद्यालयों को संबद्ध करने के मामले में उन्होंने कहा कि इन मसलों का समाधान प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद जरूर होगा।
इससे पहले राज्य मंत्री का कांटे पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष रामललित चौधरी, दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, संजीव राय, जगदंबा लाल श्रीवास्तव, प्रदीप कन्नौजिया, विशाल श्रीवास्तव, आनंद त्रिपाठी, धनंजय पांडेय, दुर्गा पांडेय, श्याम सुंदर वर्मा, गंगा सिंह सैंथवार, मदन नारायण सिंह, श्याम नारायण तिवारी आदि शामिल रहे।