क्षेत्र के महुली कसबे में शुक्रवार की रात अज्ञात कारण से आग लग जाने के कारण तीन दुकानें जलकर राख हो गई। इससे जहां लाखो रुपये का रेडीमेट का कपड़ा जलकर राख हो गया। वही बगल में स्थित एक मिष्ठान की दुकान और एक घड़ी रिपेयरिंग की दुुकान में भी हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। सूचना पर रात में ही महुली पुलिस और फायर सर्विस की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई थी।
जानकारी के अनुसार महुली कसबा के कुरमियाना पुरवा निवासी लालमन चौधरी कसबे के हनुमान गढ़ी मंदिर के परिसर में लकड़ी की गुमटी में रेडीमेट कपड़े की दुकान चलाते है। शुक्रवार की रात करीब बारह बजे दुकान में आग लग गई। जिससे दुकान में रखा कपड़ा और सिलाई मशीन आदि जलकर राख हो गया। लालमन चौधरी ने बताया कि आग से डेढ़ से दो लाख का कपड़ा जलकर राख हो गया है। वही बगल में महुली कसबा निवासी गोपाल मद्धेशिया की टीन सेड में मिठाई की दुकान चलाते है। उसमें भी आग लग गई थी। जिससे मिठाई बनाने का सामान और काउंटर भी जलकर राख हो गया। गोपाल ने बताया कि आग से लगभग पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वही पर बेलवाडाड़ी गांव निवासी सौमित्र कुमार श्रीवास्तव गुमटी में घड़ी बनाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। आग से गुमटी भी जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि आग से लगभग बीस हजार का नुकसान हुआ है। आग की सूचना मिलने पर महुली पुलिस, फायर विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंच गयी थी। सूचना पर हल्का लेखपाल बुधिराम चौधरी भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिए।