संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र स्थित उर्वरक प्रतिष्ठानों पर औचक छापा मारा। इस दौरान तीन दुकानदारों को अभिलेख अद्यतन न करने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया। जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि उर्वरक दुकानों पर स्टॉक, रेट बोर्ड, वितरण रजिस्टर अद्यतन करने, पास मशीन एवं भौतिक स्टॉक के मिलान और खतौनी के आधार पर उर्वरक वितरण कराने के उद्देश्य से छापा मारा गया। बताया कि आठ दुकानों की जांच की गई, इसमें डीसीएफ बयारे, जनता खाद भंडार बयारे, चौधरी कृषि सेवा केंद्र बनकटवा, सिंह खाद भंडार, ओम प्रकाश खाद भंडार और यादव खाद भंडार गिठिनी, एग्री जंक्शन खलीलाबाद एवं विश्वनाथपुर, डीसीएफ मैनसिर शामिल हैं। जिसमें चौधरी कृषि सेवा केंद्र बनकटवा, यादव खाद भंडार व ओम प्रकाश खाद भंडार, गिठिनी को अभिलेख अद्यतन न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित दुकानदार का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।