मेंहदावल। कस्बे के पक्का पोखरा सुअरहवा मोहल्ले में शौचालय बनवा रही महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले के चार लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे व ईंट से हमला कर दिया। इसमें पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता उमा पत्नी करन साहनी निवासी पक्का पोखरा सुअरहवा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी भूमि पर शौचालय का निर्माण कार्य करा रही हैं। आरोप है कि शनिवार की दोपहर मोहल्ले के ही श्याम भरत, कलावती, अमरावती व मंजू मौके पर पहुंचे और गालियां देते हुए निर्माण कार्य रोकने लगे। मना करने पर सभी ने ईंट व लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसमें उमा के अलावा पंकज व अनूप को भी गंभीर चोटें आई हैं। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।