रिजर्व पुलिस लाइंस में झपटमारी की वारदात की जानकारी देते एएसपी। स्रोत-पुलिस
संतकबीरनगर। पुलिस टीम ने झपटमारी की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से झपटमारी के छह मोबाइल फोन, एक तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइंस में घटना का खुलासा किया।
एएसपी ने बताया कि 30 मई को गौसपुर निवासी महातम ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर बताया कि वह बरदहिया बाजार जा रहे थे। विधियानी तिराहे के आगे ओवरब्रिज पर मोबाइल पर बात करने के दौरान बाइक सवार चार युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों में से एक के पास तमंचा भी था, जिससे वह डर गया और विरोध नहीं कर सका। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। कोतवाली खलीलाबाद और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने बुधवार को मेंहदावल बाईपास रोड चौराहे के पास से अवधेश कुमार धुरिया निवासी कसैला, सौरभ यादव निवासी कसैला तथा प्रभात यादव निवासी निखरकपार को गिरफ्तार कर लिया, जिनके खिलाफ समस्त कार्रवाई करके जेल भेजा जा रहा है।
-
पुलिस पूछताछ में यह आया सामने
एएसपी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक अन्य साथी के साथ बरदहिया, गोला, विधियानी, मगहर और कटबंध समेत विभिन्न स्थानों पर घूमकर राहगीरों को तमंचा दिखाकर मोबाइल आदि लूट लेते थे। छीने गए मोबाइलों को वे अज्ञात लोगों को बेच देते थे और मिले पैसे को बांट लेते थे। बरामद छह मोबाइलों में एक मोबाइल वादी से छीना गया था, जबकि अन्य मोबाइल विभिन्न स्थानों से झपटमारी छीने गए थे।
आरोपियों के बयान से यह भी पता चला है कि वे पूर्व में भी कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। मामले में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।