- एएसपी ने पुलिस लाइंस में घटना किया खुलासा
- बेलहर क्षेत्र के मंझरिया पठान गांव से दबोचा
- एक पिस्टल, कारतूस, तलवार, मोबाइल फोन व बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। बेलहरकला थाना पुलिस ने चोरी की योजना बनाते हुए चुर्ला गैंग के तीन सदस्यों को क्षेत्र के मंझरिया पठान गांव के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, कारतूस, तलवार, कड़ा, मोबाइल फोन और बाइक बरामद किया। एएसपी शशि शेखर सिंह ने पुलिस लाइंस सभागार कक्ष में सोमवार को प्रेसवार्ता कर घटना का खुलासा किया।
एएसपी शशि शेखर सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक थाना बेलहरकला सरोज शर्मा के अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने दुर्गजोत-रुधौली मार्ग पर ग्राम जंगल बेलहर व मंझरिया पठान के बीच स्थित पुलिया के पास से चोरी की योजना बना रहे तीन संदिग्धों को कस्टडी में लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान प्रशान्त सिंह पुत्र रमेश सिंह निवासी ग्राम पिपरा प्रथम, रामनरायन मिश्र पुत्र स्वर्गीय इन्द्रजीत मिश्र ग्राम करमहिया थाना बेलहर और नीरज यादव पुत्र रामहित यादव निवासी ग्राम केशवापुर थाना रुधौली जनपद बस्ती के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्टल .32 बोर, एक जिन्दा कारतूस .32 बोर, एक अन्य कारतूस, तीन कड़ा (चुर्ला), तीन मोबाइल फोन, एक बाइक बरामद किया। पुलिस पूछताछ में पाया गया कि तीनों चोर मंझरिया पठान गांव में चोरी करने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूर्ण करके संबंधित न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेजा जा रहा है।