सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के करही के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को उड़ा दिया और एक दुकान में जाकर घुस गई। इसमें बाइक सवार दंपती सहित तीन जख्मी हो गए। मौके से गुजर रहे सांसद जगदंबिका पाल ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इसमें घायल बाइक सवार को गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित करही चौराहे पर शनिवार शाम को एक तेज रफ्तार कार ने देखते ही देखते मौके से गुजर रहे बाइक सवार को उड़ा दिया।
कार की स्पीड इतनी तेज थी कि वह दुकान में घुसकर क्षतिग्रस्त होने के बाद ही रुकी। इसमें कार सवार जख्मी हो गया। इसके अलावा बाइक सवार महिला की पहचान आधार कार्ड के कमलावती और घायल बाइक चालक उसका पति जवाहिर निवासी पटखौली जनपद संतकबीर नगर बताया जा रहा है। कार चालक की पहचान अनिल अग्रहरि निवासी तुलसियापुर थाना ढेबुरूआ के रूप में हुई है। मौके से गुजर रहे सांसद जगदंबिका पाल ने हादसे देखकर काफिले रोका और गाड़ी से उतरकर अपनी एक गाड़ी से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों को इलाज चल रहा है। इस संबंध में एसओ शिवनगर डिडई रामकृपाल शुक्ल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिसकर्मी घायलों के साथ अस्पताल गए हैं।