लोहरैया-कुरी बाजार मार्ग पर हुए हादसे में पलटा पिकअप। संवाद
धनघटा। लोहरैया-औराडाड़ मार्ग पर बारीडीहा गांव के पास बृहस्पतिवार को पिकअप और ई-रिक्शा की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप चालक ई-रिक्शा को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने पीछे से ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार घायल हो गए। घायलों में बभनौली निवासी नूरजहां (50 वर्ष) पत्नी रुस्तम अली का दायां पैर टूट गया। शोभा पत्नी लालचंद निवासी बभनौली थाना बेलघाट, गोरखपुर का बायां हाथ और दायां पैर टूट गया। भरत (55 वर्ष) निवासी बभनौली थाना धनघटा के सिर में गंभीर चोट आई है।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी।