खड़ी ट्रेलर से टकराई रोडवेज बस, परिचालक समेत तीन की मौत
- हादसे में चालक समेत छह यात्री हुए घायल
- पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को पहुंचवाया जिला अस्पताल
- सहचालक चला रहा था बस, बोनट पर बैठा था चालक
- तेज रफ्तार और सहचालक को झपकी आने से हुआ हादसा
- दुर्घटना पटल सहायक ने सहचालक पर दर्ज कराया केस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर डीघा बाईपास के निकट बुधवार की भोर में खड़ी ट्रेलर में रोडवेज की अनुबंधित बस टकरा गई। परिचालक समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई। चालक समेत छह यात्री घायल हो गए। घटना की वजह तेज रफ्तार और बस चला रहे सहचालक को झपकी आना बताया जा रहा है। सूचना के बाद मौके पर एसपी, एएसपी, सीओ समेत तमाम पुलिस कर्मी पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की केसरबाग डिपो की अनुबंधित बस संख्या यूपी 34 एटी-4198 में 20 से 25 यात्री सवार थे। बस यात्रियों को लखनऊ से लेकर बुधवार की भोर में गोरखपुर जा रही थी। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित डीघा बाईपास के निकट पहले से सड़क के किनारे खड़ी ट्रेलर से बस टकरा गई। जिससे बस के परिचालक 52 वर्षीय शिव कुमार गौतम पुुत्र तिलकराम निवासी अहवा थाना सनना जिला सीतापुर, यात्री 20 वर्षीय ओम प्रकाश साहनी पुत्र सुरेंद्र साहनी निवासी मारीपुर मिलाव थाना मधुबन, मोतिहारी बिहार समेत तीन यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। जबकि रोडवेज बस के चालक अशोक कुमार पुत्र दयाल निवासी निवासी मुराऊटोला थाना विस्वा जनपद सीतापुर, राजीव पुत्र तीरथ सिंह निवासी खनवापुर थाना कांट जिला शाहजहांपुर, सौरभ गुप्ता पुत्र रमेश गुप्ता निवासी इंदिरानगर बी ब्लॉक थाना गाजीपुर लखनऊ, सुनील पुत्र नंदलाल निवासी खरविटिया टोला मठ थाना पकडी दयाल मोतिहारी बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा बरेली जिले के निवासी दिनेश और उनकी पत्नी रंभा को मामूूली रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर जुट गए। बाद में सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जेसीबी और गैस कटर मंगवा कर क्षतिग्रस्त बस को काट कर उसमें फंसे घायलों को किसी तरह बाहर निकलवाया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया गया। वहीं पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद सुरक्षित बचे अन्य यात्री अपने-अपने गंतव्य को रवाना हो गए। एसपी ब्रजेश सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला है कि केसरबाग डिपो की अनुबंधित रोडवेज की बस सहचालक सुनील कुमार चला रहा था। जबकि चालक अशोक कुमार बस की बोनट पर बैठे थे। सहचालक बस को तेज रफ्तार में चल रहा था। सहचालक को झपकी आने से बस ट्रेलर से टकरा गई। इस मामले में रोडवेज के दुर्घटना पटल सहायक बखिरा क्षेत्र के मेडरापार निवासी दुर्गा प्रसाद की तहरीर के आधार पर सहचालक सुनील के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तीसरे मृतक की पहचान कराए जाने की कोशिश हो रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।