संतकबीरनगर। जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र को गति देते हुए मंगलवार को थाना दुधारा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु महत्वपूर्ण कदम उठाया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा व चौकी प्रभारी पचपोखरी उनि रामकुशल सिंह के प्रयास से ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जामडीह यूसूफ कमाल के सहयोग से ग्राम जामडीह में तीन सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए।
कैमरों को आंबेडकर मूर्ति, आने-जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे स्थित विद्युत पोल, जामडीह तिराहा पर स्थापित किया गया है। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगने से क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, सड़क दुर्घटनाओं एवं अपराधों पर अंकुश लगाने में काफी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सजग नागरिकता का भी प्रमाण है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अब ग्राम जामडीह की सुरक्षा व्यवस्था 24 घंटे डिजिटल निगरानी में रहेगी।