- परिवहन विभाग सक्रिय, 225 संचालकों को नोटिस भेजा
- आरसी भेजकर तहसील से होगी बकाया टैक्स की वसूली
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। परिवहन विभाग बकाया टैक्स वसूली के लिए एक्शन मोड में आ गया है। जिले के 3521 वाहन संचालकों पर विभाग का 12.25 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। इनमें से 225 वाहन संचालकों को नोटिस भेजकर संभागीय परिवहन कार्यालय ने तहसील के माध्यम से एक करोड़ 50 लाख रुपये बकाया राजस्व वसूली की तैयारी कर लिया है।
पिछले वर्ष भी लगभग 500 टैक्स बकायेदारों पर एआरटीओ विभाग की तरफ से नोटिस जारी किया गया था। इस वर्ष भी विभाग की तरफ से लगभग 225 बकायेदारों को आरसी जारी किया गया है। इसके बाद भी टैक्स जमा करने की रफ्तार में कोई तेजी नहीं आई है। एआरटीओ कार्यालय के जिम्मेदारों के मुताबिक शासन की तरफ से भी टैक्स जमा कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। रोड टैक्स का ब्याज भी माफ कर दिया गया था। टैक्स जमा करने के लिए समय सीमा भी निर्धारित की गई थी।
इसके अलावा दो बार जमा तिथि भी उच्चाधिकारियों के स्तर से बढ़ाया गया। बावजूद इसके लक्ष्य के सापेक्ष टैक्स जमा नहीं हो पाया। इसके बाद परिवहन विभाग की तरफ से वाहन संचालकों के घर पर जाकर टैक्स जमा करने का अभियान चलाया गया। फिर भी बकायेदारों ने टैक्स जमा करने मेें कोई रुचि नहीं दिखाई। इधर विभाग का बकाया दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। 3521 वाहन संचालकों पर 12 करोड़ 25 लाख रुपये बकाया है। विभाग ने अभी तक 225 बकायेदारों को नोटिस भेजा है, बाकी को विभाग की तरफ से चिह्नित किया जा रहा है, जिन्हें जल्द ही नोटिस भेजा जाएगा।
तीसरे नोटिस के बाद सीधे वसूली का नियम
परिवहन विभाग के जानकारों के मुताबिक टैक्स बकायेदार वाहन संचालकों को लगातार बकाया न जमा करने पर तीन नोटिस भेजने का नियम है। अगर इन नोटिस पर भी टैक्स नहीं जमा होता है तो सीधे वसूली कराई जाती है। उसकी आरसी बनाकर राजस्व विभाग को दे दी जाती है। इसके बाद तहसील प्रशासन की मदद से संबंधित वाहन मालिक से वसूली की जाती है।
रोड टैक्स जमा कराने की कार्रवाई लगातार चल रही है। जिन वाहन संचालकों पर टैक्स बकाया है, उन्हें नोटिस भेजा जा रहा है। तीन नोटिस भेजने के बाद भी बकाया टैक्स न जमा होने की दशा में आरसी जारी कर दिया जा रहा है।
- प्रियंवदा सिंह, एआरटीओ