संतकबीरनगर। खलीलाबाद ब्लॉक परिसर में आवंटित दुकान का किराया मांगने पर दुकानदार व उसके सहयोगी मारपीट पर आमादा हो गए और ईंट पत्थर चलाने लगे। पुलिस ने छह आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित किशुन निवासी बड़ी सरौली ने बताया कि वह तहसील खलीलाबाद में संग्रह अमीन हैं। 2 दिसंबर को सुबह 10 बजे वह खलीलाबाद ब्लाॅक में आवंटित दुकान नंबर 21 के किरायेदार हरिओम जायसवाल से 54 माह का बकाया किराया मांगने पहुंचे। किरायेदार ने गाली देना शुरू कर दिया। फोन करके दीपक गुप्ता व नीरज गुप्ता निवासी नेदुला एवं सुनील, गौरव व रामसुंदर निवासी बंजरिया को बुलाकर मारपीट पर आमादा हो गया। वे ईंट-पत्थर चलाने लगे। किसी तरह भागकर उसने जान बचाई। भीड़ इकट्ठा होने पर भी जानमाल की धमकी दी। कोतवाल ने बताया कि छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद