त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में खलीलाबाद व नाथनगर विकास खंड क्षेत्र में शनिवार को मतदान होगा। मतदान कराने के लिए शुक्रवार को सुबह से ही पोलिंग पार्टियां को बूथों के लिए रवाना किए जाने का सिलसिला शुरू हुआ। शाम तक सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुुंच गई थी।
इस चरण में 1496 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 286649 मतदाता करेंगे। इसमें जिला पंचायत सदस्य पद के 194 तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 1302 प्रत्याशी शामिल हैं। प्रशासन ने मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के तीसरे चरण में खलीलाबाद व नाथनगर विकास खंड सेे जुड़े जिला पंचायत सदस्य के आठ सीटों व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 203 वार्डों के लिए चुनाव कराया जाना है।
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए वार्ड संख्या 19 में 37, वार्ड संख्या 20 में 34, वार्ड संख्या 21 में 20, वार्ड संख्या 22 में 26, वार्ड संख्या 23 में 14, वार्ड संख्या 24 में 24, वार्ड संख्या 25 में 22 तथा वार्ड संख्या 26 में 17 प्रत्याशी मैंदान में हैं, जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए खलीलाबाद विकास खंड में 680 प्रत्याशी चुनाव मैंदान में है। जबकि नाथनगर विकास खंड में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 622 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।
इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 286649 मतदाता करेंगे। इसमें खलीलाबाद क्षेत्र में 141853 तथा नाथनगर क्षेत्र में 144796 मतदाता शामिल हैं। दूसरी तरफ प्रत्याशी व समर्थक अंतिम दौर में मतदाताओं को रिझाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी हैं। साथ ही प्रत्याशी व समर्थक रखवाली करने में लगे हैं कि कहीं दूसरा प्रत्याशी मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए कोई हथकंडा न अपनाने पाएं। इधर प्रशासन ने मतदान की तैयारी पूरी कर ली है।
मतदान के लिए 225 मतदान केंद्रों पर 489 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। जिसमें नाथनगर के 109 मतदान केंद्रों पर 248 मतदेय स्थल तथा खलीलाबाद में 116 मतदान केंद्रों पर 241 बूथ बनाए गए हैं। मतदान कराने के लिए खलीलाबाद क्षेत्र की पोलिंग पार्टियां जहां हीरालाल राम निवास इंटर कालेज से रवाना की गई, वहीं नाथनगर की पोलिंग पार्टियां सूर्य नारायण चतुर्वेदी महाविद्यालय नाथनगर से रवाना की गई।
मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए दो जोनल मजिस्ट्रेट व 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इसके अलावा जिलाधिकारी डॉक्टर सरोज कुमार, मुख्य विकास अधिकारी लालजी यादव, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार भट्ट सहित अन्य अधिकारी दिनभर भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।