मटौली गांव में चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : KHALILABAD
दो घरों में चोरी, नकदी व जेवरात उठा ले गए चोर
-पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध दर्ज किया केस
धनघटा/पौली। क्षेत्र के मटौली और उमरिया पांडेय गांव के घरों में रविवार रात घुसकर चोर नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात उठा ले गए। घटना की जानकारी लोगों को सोमवार सुबह हुई। पीड़ितों ने थाने पर तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
मटौली गांव निवासी श्री रामसिंह का कहना है कि रविवार रात परिवार के कुछ लोग मकान में ताला लगाकर दरवाजे सो रहे थे तो कुछ छत पर सो रहे थे। सुबह जब घर की महिलाएं छत से नीचे उतरीं तो खिड़की टूटी हुई देखकर शोर मचाया। परिवार के सदस्य तथा अगल -बगल के लोग जब घर में पहुंचे तो तीन कमरों का ताला टूटा हुआ था। घर में रखे कपड़े और बर्तन जमीन पर बिखरे पड़े थे और बॉक्स भी टूटे हुए थे। श्रीराम सिंह का कहना है कि चोर नकदी समेत घर में रखे कीमती जेवर व कपड़ा उठा ले गए। लाखों रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उसी रात उमरिया पांडेय गांव निवासी राम भवन के मकान का भी दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। मकान में रखे नकदी, जेवर-कपड़ा और बर्तन उठा ले गए। एसओ केडी सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात चोरों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। चोरों की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।