- महुली कस्बे के टैक्सी स्टैंड चौराहे का मामला
धनघटा। महुली कस्बे के टैक्सी स्टैंड चौराहे के निकट एक मकान के पीछे से एसी लगाने के लिए छोड़े गए खिड़की के रास्ते चोर कमरे में दाखिल हुए। एक दर्जन से अधिक बैग और अटैची को खंगाला। उसमें रखे दस हजार नकदी समेत दो सोने और चांदी के आभूषण उठा ले गए। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग बेटे की बरात लेकर स्थानीय कस्बा में एक मैरिज हाॅल में गए हुए थे। खाली घर देख चोरों ने घटना को अंजाम दिया है।
महुली टैक्सी स्टैंड निवासी रामानंद जायसवाल के छोटे बेटे की शादी सोमवार को थी। देर शाम पूरा परिवार रिश्तेदारों के साथ महुली में ही एक मैरिज हाॅल में बरात लेकर गए हुए थे। उनका पूरा घर खाली था। इसी दौरान चोरों ने घर के पीछे से बाउंड्रीवाल फांदकर एसी लगाने के लिए खाली जगह से कमरे में दाखिल हुए। रिश्तेदार और परिजनों के रखे एक दर्जन बैग और अटैची को खंगाल लिया।
परिजनों के अनुसार इस दौरान रखा हुआ लगभग दस हजार रुपये नकदी और दो अदद आभूषण उठा ले गए। इसकी जानकारी देर रात जब कुछ लोग बारात से घर लौटे तो कमरे में बिखरा सामान देखकर भौचक्का रह गए। गृहस्वामी ने इस संबंध में थाने में कोई सूचना नहीं दी है।