पुलिस की चाल से दो कदम आगे निकले चोर
संतकबीरनगर। पुलिस की नजर से बचने के लिए चोर दो कदम आगे की सोच रहे हैं। यही वजह है कि वारदात करने के साथ चोर सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर ही उठा ले जा रहे हैं। इससे चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करना पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।
आपराधिक घटनाओं पर अकुंश लगाने के लिए पुलिस लोगों से सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बात कहती है। यहां तक खुद पुलिस चौकियों और सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। इसके पीछे पुलिस की मंशा है कि आपराधिक वारदात करने वाले अपराधी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो जाएंगे और उन्हें पकड़ना आसान हो जाएगा। इधर पुलिस की सोच से दो कदम आगे चोर निकल गए हैं। जनवरी में खलीलाबाद शहर के इंडियन बैंक में चोरों ने वारदात की थी। यहां से चोर सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर उठा ले गए थे। पुलिस ने चोरी की घटना का पर्दाफाश तो जरूर किया, लेकिन अब तक डीबीआर बरामद नहीं कर पाई है। फरवरी में महुली क्षेत्र के नाथनगर में यूपी बड़ौदा बैंक में एक सप्ताह के भीतर चोरों ने दो बार वारदात की। यहां से कैश तो नहीं ले जा पाए, लेकिन सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर उठा ले गए। घटना का पर्दाफाश करना तो दूर की बात है, पुलिस अत तक चोरों का सुुुराग तक नहीं लगा पाई है। शहर के तितौवा मोहल्ले में स्वास्थ्य कर्मी मनोज मिश्रा के घर हुई चोरी की घटना में शामिल चोर पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में दिख रहे हैं, लेकिन पुलिस चोरों की पहचान तक नहीं कर पाई है।
एक और सात फरवरी को महुली क्षेत्र के नाथनगर में स्थित यूूपी बड़ौदा बैंक की शाखा में चोरी की घटना हुई। दस फरवरी की रात कोतवाली क्षेत्र के मड़या अचकपुरवा में ठेकेदार रामकुमार चौधरी के घर से चोर लाइसेंसी पिस्टल और लाखों के जेवरात चुरा ले गए। दस फरवरी की रात महुली क्षेत्र के नाथनगर में रामानंद के मेडिकल स्टोर में चोरों ने हाथ साफ किया। दस फरवरी की रात कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी बंजरिया निवासी ऋतुराज गुप्ता के घर में चोरों ने चोरी की वारदात की। 15 फरवरी को महुली कस्बे में आभूषण की दुकान से चोर साढ़े नौ लाख के गहने उठा ले गए थे। 16 फरवरी की रात कोतवाली क्षेत्र के बयारा में मोहम्मद उमर के दरवाजे पर खड़ी बोलेरो चोर उठा ले गए।
ऐसे रोकेगी पुलिस घटनाओं को
संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस ने चौकीवार चौकीदारों को बांट दिया है। चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के चौकीदारों से संपर्क करके जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिसकर्मी चौकीदारों के साथ गश्त भी कर रहे हैे। थानों पर बाइक गश्त की सुविधा दी गई है। एसओ भी गश्त पर निकल रहे हैं। मुखबिरों की सक्रियता बढ़ाकर पुलिस चोरों के बारे में पता लगा रही है। हर दिन सर्किल का एक एसओ अपने आसपास के थानाक्षेत्रों में भी गश्त करके रिपोर्ट एसपी को दे रहा है। इसके साथ ही सर्किल सीओ भी रात्रि गश्त पर निकल रहे हैं। सप्ताह में एक दिन एएसपी भी रात्रि गश्त पर जा रहे हैं। इसके अलावा 112 नंबर की गाड़ियां भी भ्रमणशील रहती हैं।
हाईवे पर लगाए जाएंगे एनआरपी कैमरे
पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग पर मगहर से कांटे क्षेत्र तक आटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन सिस्टम लगवाने का प्रयास कर रही है। ऐसा करने के पीछे पुलिस की सोच है कि यदि कोई आपराधिक वारदात करके वाहनों से हाईवे से होकर गुजरेगा तो उसके वाहनों का नंबर प्लेट एनआरपी कैमरे में कैद हो जाएगा। इससे पुलिस अपराधियों तक आसानी से पहुंच जाएगी।
चोरी की घटनाओं के पर्दाफाश के लिए सर्विलांस, एसओजी, स्वॉट और संबंधित थाने की पुलिस को लगाया गया है। जहां सीसीटीवी फुटेज मिला है, उन घटनाओं में शामिल चोर चिह्नित किए जा रहे हैं। यह सच है कि चोर शातिर हो गए हैं और सीसीटीवी कैमरा उठा ले जा रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
डॉ. कौस्तुभ, एसपी