मगहर के मोहल्ला मोहनलालपुर में स्थित एक मकान में चोरी के दौरान कमरे में बिखरा पड़ा सामान।संवाद
मगहर के मोहनलालपुर में हुई घटना, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। कस्बे के मोहन लालपुर मोहल्ले में स्थित एक मकान में सोमवार की रात चोरों ने छत के सहारे घर में घुसकर तीन कमरों के ताले तोड़कर उसमें रखा सामान चुरा ले गए। सीसीटीवी कैमरे में एक चोर की पहचान कस्बे के ही शातिर चोर के रूप में की गई है। पीड़ित ने आरोपी युवक को नामजद करते हुए तहरीर के साथ ही सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस को सौप दी है।
मोहन लालपुर निवासी अली अनवर ने बताया कि उसके मकान में सोमवार रात छत के सहारे घर में घुसे चोरों ने तीन कमरों का ताला तोड़कर उसमें रखे सामान व बॉक्स के ताले तोड़कर वीडियो कैमरा, सीसीटीवी कैमरा, वाईफाई, चार सिलाई मशीन मोटर, पानी का मोटर तथा डिब्बे में रखा करीब 5000 रुपये चुरा ले गए। लोगों ने सीसीटीवी के माध्यम से चोर की पहचान की है। उसके साथ अन्य लोग भी इस चोरी की वारदात में शामिल थे।
करीब 200 मीटर दूर स्थित एक बगीचे में उक्त चोरों के होने की सूचना पर लोगों ने दौड़ाया तो मौके पर थरिया, हीटर आदि सामान छोड़कर भाग गए। मगहर के चौकी इंचार्ज उदयशंकर द्विवेदी ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना स्थल की जांच के साथ ही आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।