कोतवाली खलीलाबाद पुलिस की टीम ने हाईवे पर खड़ी ट्रकों से चोरी करने वाली गैंग के चार सदस्यों को धर दबोचा। इनमें पास से चोरी का 50 लीटर डीजल के साथ ही चोरी करने में प्रयोग होने वाले सामान व नकद रुपए भी बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि एसपी संदीप कुमार मीना के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा था। इसमें कोतवाली खलीलाबाद के उपनिरीक्षक मनीष जायसवाल, मोतीलाल यादव, हरिकेश भारती की टीम ने एक पिकप पर सवार चार लोगों को मंझरिया के पास दबोचा।
इन आरोपियों के पास से एक पिकप गाड़ी, 1 गैलन में 50 लीटर डीजल, 50 लीटर का दो खाली गैलन, 1 प्लास्टिक का पाइप, एक सलाई रिंच व 4100 रुपए नकद बरामद किए गए। पकड़े गए अभियुक्तों को पुलिस ने विभिन्न मामलों में जेल भेज दिया है।
गिरोह के इन सदस्यों के मुखिया दयानन्द शर्मा ने बताया कि जब उन्हें किसी ट्रक को निशाना बनाना होता था तब वह ट्रकों को चिन्हित करते थे। इसके बाद उसके ड्राइवर की रेकी की जाती थी। गिरोह का एक सदस्य ड्राइवर और खलासी के पीछे हो लेता था। जब वह देखता था कि खाने - पीने के बाद वह सो गए हैं, या फिर लापरवाह हो गया है, इसके बाद तीन साथी मात्र दो से तीन मिनट में ही माल अपनी पिकप पर लादते और गायब हो जाते थे।
गड़सरपार गांव के ही हैं तीन आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में तीन आरोपी दयानन्द शर्मा, राज प्रताप सिंह तथा पंकज चौरसिया कोतवाली खलीलाबाद के गड़सरपार के निवासी हैं। जबकि चौथा आरोपी महेश कुमार कोतवाली खलीलाबाद के ही बयारा गांव का निवासी है।
इन घटनाओं का हुआ पर्दाफाश
पहली घटना - 30 जून की रात में खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के सेमरी निवासी राकेश कुमार की गड़सरपार चौराहे पर खड़ी ट्रक की टंकी से 50 लीटर डीजल की चोरी की थी।
दूसरी घटना - 16 जून की रात में कांटे स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के पास खड़ी गाजियाबाद के नाटल निवासी इस्लामुद्दीन के ट्रक का तिरपाल काटकर चावल की 42 बोरियों को चुराया था तथा उसे 29000 रुपये में बेंच दिया था।
तीसरी घटना - 26 जून को मगहर के पास सेमरा में स्थित एक ढाबे पर खड़ी बलिया जनपद के फेफना थानान्तर्गत आर्यनगर बायना निवासी संजय कुमार यादव के ट्रक का तिरपाल काटकर 25 से 30 पेटी रिफाइन तेल चोरी किया था। इसको सहजनवा के एक व्यक्ति के पास बेचा था जिसके 21000 रुपए मिले थे।