खलीलाबाद शहर के पुरानी सब्जी मंडी रोड भिटवा टोला मोहल्ले में बृहस्पतिवार को भोर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में कमरे में फंदे के सहारे लटकता मिला है। मृतक के मां की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और शव को फंदे से उतारवाकर आवश्यक विधिक कार्यवाही में जुट गई।
जानकारी के अनुसार पुरानी सब्जी मंडी रोड भिटवा टोला मोहल्ला निवासी अभिजीत गोयल पुत्र सुनील 30 वर्ष अपनी मां सरोज देवी के साथ रहता था। बुधवार की देर रात खाना खाने के बाद अभिजीत अपने कमरे में सोने चला गया। बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े चार बजे के करीब उसकी मां उनको जगाने के लिए कमरे में गई तो वह कमरे में पंखे की कुंडी में फंदे के सहारे लटक रहा था।
जिसके बाद शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मां ने इसकी सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाल पंकज कुमार पांडेय मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गए।