संतकबीरनगर। आबकारी व धनघटा संयुक्त पुलिस टीम ने बुधवार को विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत धनघटा क्षेत्र में अवैध शराब की रोकथाम के लिए छापा मारा। टीम ने 12 भट्ठियों को नष्ट कराया। गुड्डू निवासी सोनाड़ी के पास से 28 पौवा देसी शराब का टेट्रा पैक, 7 बोतल अंग्रेजी शराब और 5 बीयर की बोतलें बरामद की गईं। उसके खिलाफ धनघटा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जानकारी के अनुसार, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार व धनघटा एसओ जय प्रकाश दूबे की अगुवाई में टीम ने धनघटा थाना क्षेत्र के बिड़हरघाट सरयू नदी के तट माझा में दबिश दी। टीम ने लगभग 10 क्विंटल लहन नष्ट कराया। 12 भट्ठियों को तोड़वा दिया। दबिश के दौरान सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन -1 बस्ती धर्मेंद्र नारायण व प्रवर्तन-2 केपी चौधरी, आबकारी निरीक्षक विजय आनंद खलीलाबाद, बसंत प्रसाद मेंहदावल, राजकिशोर आबकारी निरीक्षक धनघटा, एसआई विनोद कुमार यादव के साथ ही अन्य आबकारी व पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।