बखिरा। नगर पंचायत बखिरा के मंगल बाजार में पांच दशक पुराने जर्जर बिजली के तारों को हटाकर एरियल बंच केबल लगाने की मांग विगत पांच वर्षों से हो रही है, किंतु विभागीय लापरवाही से कस्बे में अब भी जर्जर तारों से आपूर्ति हो रही है। नतीजतन लाइन फाल्ट से कस्बे के लोग जूझने को विवश हैं। केबल लग जाने पर लोगों को लो वोल्टेज व रोजाना की लाइन फाल्ट से निजात मिल सकेगी। इस संबंध में लोगों ने बिजली निगम के जिम्मेदारों से मिलकर बिजली बदहाली की पीड़ा बताई है, किंतु आश्वासन के सिवाय अब तक लोगों को कुछ भी नहीं मिला।
राजकुमार, राजू कसेरा, नंदलाल कसेरा, चंद्र प्रकाश सिंह, रामसरन, हनी गुप्ता, चक्कर बाबा, हरेंद्र गुप्ता, दयाशंकर गुप्त ने कहा कि मंगल बाजार मोहल्ले में करीब पांच दशक पूर्व कॉपर के बिजली तार लगे थे। उन्हीं तारों के सहारे आज भी लोगों को बिजली आपूर्ति दी जा रही है। जर्जर तार अक्सर टूटकर गिरते रहते हैं। गनीमत है कि अब तक बड़ा हादसा नहीं हुआ है। लोगों ने कहा कि मंगल बाजार स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर तिराहे पर लगा हुआ लोहे का खंभा भी खस्ताहाल है। इन जर्जर तारों की वजह से मंगल बाजार में लोगों को बिजली की अनगिनत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इससे परेशान हो चुके उपभोक्ता अवर अभियंता, एसडीओ व अधिशासी अभियंता से मिलकर जर्जर तारों से निजात दिलाने की मांग कर चुके हैं।
इस बाबत एसडीओ केएल यादव ने बताया कि बखिरा कस्बे के जर्जर तारो को हटाकर एबीसी केबल लगाने का कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। इससे लोगों को समस्या से निजात मिल सकेगी।