अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन करते कर्मी-स्रोत बिजली निगम
संतकबीरनगर। निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मियों ने शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विद्युत संघ समिति के पदाधिकारी नारायण चंद्र चौरसरिया ने निजीकरण की गतिविधियां तेज होते देख बिजली कर्मचारियों को सचेत करते हुए अलर्ट जारी किया है कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण का टेंडर होने के बाद अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और सामूहिक जेल भरो आंदोलन की पूरी तैयारी रखी जाए। उन्होंने कहाकि निजीकरण होने के बाद बिजली कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।
संघर्ष समिति ने इस बावत नियामक आयोग के चेयरमैन को पत्र भेजकर वार्ता का समय मांगा है। संघर्ष समिति के पदाधिकारी मनीष मिश्रा का कहना है कि निजीकरण के बाद लगभग 50 हजार संविदा कर्मियों की छंटनी हो जाएगी और लगभग 16,500 कर्मचारियों की नौकरी खतरे में पड़ जाएगी।
इस दौरान चंद्र केश मौर्य, सुनील प्रजापति, नारायण चंद्र, दिलीप मौर्य, दिनेश शर्मा, श्रवण, धीरेन्द्र यादव, पुष्पेन्द्र, रंजन आदि माैजूद रहे।