- भीड़ ने डेढ़ घंटे तक बखिरा-दुर्गजोत मार्ग किया था जाम
- प्राथमिकी दर्ज करने की मांग पर भीड़ ने रास्ता खाली किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। क्षेत्र में धार्मिक टिप्पणी करके वीडियो वायरल करने के मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात केस दर्ज कर लिया है।
एजाज अहमद पुत्र नियाज अहमद निवासी गौरा ने बताया कि तरकुलवा निवासी सोनू पाल ने धार्मिक टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। इसकी जानकारी होने पर क्षेत्र के लोग आक्रोशित हैं। क्षेत्र का माहौल भी बिगड़ने की आशंका बनी हुई है। सोशल मीडिया पर पोस्ट होने से लोग धीरे-धीरे एकत्रित होने लगे। सैकड़ों की संख्या में समुदाय विशेष के लोग सैकड़ों की संख्या में बखिरा-दुर्गजोत मार्ग को जाम करते हुए तरकुलवा गांव के निकट मुख्य सड़क पर आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे।
इसकी भनक मिलने पर एसओ बखिरा बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। भीड़ करीब डेढ़ घंटे तक बखिरा-दुर्गजोत मार्ग को बाधित किए रही। एकत्रित भीड़ को समझा-बुझाकर एसओ श्याममोहन ने हटाने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने व गिरफ्तारी पर अड़ी रही। पुलिस भीड़ को समझाते हुए कार्रवाई करने पर राजी हुई। मौके पर एकत्रित भीड़ आरोपी युवक सोनू पाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग पूरी होने पर सड़क से हटने को राजी हुए।
एसओ श्याममोहन ने बताया एजाज अहमद की तहरीर पर आरोपी युवक सोनू पाल और एक अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
बखिरा-दुर्गजोत मार्ग बाधित करने वालों पर नहीं हुई कार्रवाई
बखिरा। शुक्रवार शाम को आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर समुदाय विशेष के लोग बखिरा-दुर्गजोत मार्ग को डेढ़ घंटे तक अवरुद्ध किए रहे। मार्ग से गुजरने वालो को दुश्वारियां झेलनी पड़ीं। शाम को छह बजे से साढ़े सात बजे तक भीड़ सड़क पर जमी रही। हालांकि इस मामले में पुलिस के पास वीडियो भी मौजूद है, लेकिन सैकड़ों की संख्या में मौजूद भीड़ मनमानी करती रही। मांगें मनवाने के लिए भीड़ डेढ़ घंटे तक सड़क पर जमी रही व नारेबाजी की। पुलिस ने सड़क से भीड़ को हटाने का काफी प्रयास किया। केस दर्ज करने की मांग पूरी होने के आश्वासन के बाद ही भीड़ ने सड़क खाली किया, लेकिन मार्ग बाधित करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।