मनमानी करने का एक-दूसरे पर मढ़ा आरोप
ईओ ने थाने में तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। नगर पंचायत कार्यालय मेंहदावल में अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन पति के बीच मंगलवार को तीखी नोकझोंक हुई। मामला हाथापाई तक पहुंचता, इससे पहले वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। दोनों ने एक-दूसरे पर मनमानी करने का आरोप-प्रत्यारोप मढ़ा। ईओ ने थाने में तहरीर देकर चेयरमैन पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार दोपहर नगर पंचायत अध्यक्ष के पति रमेश निषाद व मेंहदावल के ईओ संदीप कुमार सरोज से ब्रह्मचारी मोहल्ले में जलभराव की समस्या पर कहासुनी हो गई। दोनों में वाद-विवाद बढ़ने के बाद नोकझोंक होने लगी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मेंहदावल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और विवाद को शांत कराया। अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज का आरोप है कि चेयरमैन पति अनावश्यक रूप से कार्यालय में अपने लोगों के साथ पहुंच कर रौब गांठते हैं। मनमाने तरीके से गलत काम कराने का दबाव बनाते हैं। आरोप है कि कहते हैं कि मेरे अनुसार काम नहीं करोगे तो ठीक नहीं होगा। यहां तक जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए सरकारी काम में बाधा पहुंचाया। मामले में पुलिस को तहरीर दे दी है। जबकि चेयरमैन के पति रमेश निषाद का आरोप है कि अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज नगर पंचायत को अपने मन मुताबिक चलाने का प्रयास कर रहे हैं। वार्ड की समस्या को लेकर लोगों ने उनसे शिकायत दर्ज कराई। समस्या को दूर करने की उन्हें हिदायत दी गई तो उन्हें नागवार लगा। वार्ड की समस्या को लेकर उनसे सिर्फ बातचीत की गई।
इंसेट
अधिशासी अधिकारी मेंहदावल ने तहरीर दिया है। मामले की जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों को भी प्रकरण से अवगत करा दिया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विजय कुमार दुबे, एसओ मेंहदावल