संतकबीरनगर। धान की कटाई का कार्य करीब-करीब पूरा हो गया है और अब रबी अभियान में तेजी आ गई है। किसान गेहूं की बुवाई करने में जुटे हुए हैं, लेकिन नहरों में पानी न होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यह स्थिति तब है जबकि डीएम ने नहरों की सिल्ट साफ कर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में काम नहीं हो पाया है। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
रबी अभियान में किसान जुटे हुए हैं। इसके लिए खेत तैयार करने में सिंचाई की आवश्यकता है, लेकिन कई नहरें सूखी पड़ी हैं। इनमें अब तक पानी नहीं छोड़ा गया है। इसके कारण किसानों को सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कुछ किसान निजी पंपों के सहारे सिंचाई कर रहे हैं, लेकिन उन्हें महंगे डीजल खरीद कर सिंचाई करने में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ऐसी ही स्थिति बनियाबारी के पास से होकर गुजरने वाली नहर और मैलानी से होकर जाने वाली नजर है, जिसमें पानी नहीं है। आसपास के किसान इससे परेशान हैं। किसान देवी प्रसाद, अवधेश आदि ने कहा कि अभी किसी प्रकार रबी की बुआई कर रहे हैं, लेकिन आने वाले दिनों में भी सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ेगा। ऐसे में नहरों में पानी छोड़ा जाना आवश्यक है। सरयू नहर खंड के अधिशासी अभियंता विजय कुमार ने कहा कि नहरों से सिल्ट हटाने का कार्य चल रहा है। जल्द ही नहरों में पानी छोड़ा जाएगा।