-दिन में कुछ स्थानों पर हुई हल्की बूंदाबांदी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सोमवार को हुई बारिश के बाद जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली थी, वहीं मंगलवार को उमस भरी गर्मी से बेहाल होना पड़ा। हालांकि सुबह से कभी तेज धूप हुई तो कभी बादल छाए रहे। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। उमस बना रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार की सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दस बजते-बजते तेज धूप हो गई, जिसके कारण लोगों को गर्मी से परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर बाद एक बार फिर मौसम बदला और बादल छाए गए। कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन तेज बारिश न होने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई और लोगों को परेशान होना पड़ा। यह सिलसिला दिनभर बना रहा।
उमस भरी गर्मी से बचने के लिए लोग छांव की तलाश में भटकते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बाग-बगीचों में समय गुजारना मुनासिब समझा। शाम के समय उमस भरी गर्मी में लोग पसीने से तर-बदतर हो गए। कुमारगंज अयोध्या के मौसम वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्र ने कहा कि मौसम अभी कुछ दिन ऐसा ही बना रहेगा। बीच-बीच में बारिश होगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।