संतकबीरनगर। जनपद में पंडा बनकर महिलाओं से नकदी व जेवरात उड़ाने की घटना के बाद से ही पुलिस सीसीटीवी की मदद से आरोपियों के पहचान करने में जुटी हुई है। हालांकि कई दिन बीतने के बाद भी अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। कोतवाली व मेंहदावल में बदमाशों ने एक ही दिन घटना को अंजाम दिया था। पुलिस जांच के बाद अभी तक आरोपियों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
कोतवाली क्षेत्र के गोला बाजार में 17 दिसंबर को महुली थाना क्षेत्र के चंदहर गांव निवासी प्रियंका सिंह पीएनबी से 50 हजार रुपये निकालकर बैंक से बाहर आईं। उसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक युवक ने उनको रोककर अपने को हरिद्वार का पंडा बताते हुए उनका भविष्य बताने की बात की। तभी उसका एक अन्य साथी भी वहां आ गया।
कुछ ही देर में दोनों युवक महिला को अपने झांसे में लेकर उनका पर्स लेकर गायब हो गए। पर्स में 50 हजार रुपये नकद और अन्य सामान भी थे। इसी दिन मेंहदावल में भी महिला के साथ टप्पेबाजी की घटना हुई। कस्बा निवासी दीपक जायसवाल की मां इलाज कराने के लिए गई हुई थीं।
रास्ते में पंडा बताकर युवकों ने उनको रोका और झांसा देकर उनका पर्स लेकर गायब हो गए। पर्स में महिला के जेवरात एवं अन्य सामान रखे हुए थे।
घटना के बाद से ही एसओजी, सर्विलांस एवं स्थानीय पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की शिनाख्त में पुलिस लगी हुई है। ि