जिला मुख्यालय पर बड़गों के पास जा रहा ओवर लोड आटो रिक्शा
संतकबीरनगर। जिले में इन दिनों सड़क दुर्घटना की घटना में काफी बढ़ोतरी हुई है। सप्ताह भर में ही दर्जनभर से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इन दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण ओवरलोडिंग, वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क पर अतिक्रमण है। सवारी वाहन में ऑटो, चार पहिया वाहन, बस की चेकिंग न होने के चलते दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
जिले में कांटे के पास एक ओवरलोड ऑटो की बस से टक्कर हो गई, जिसके चलते पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं महुली क्षेत्र में तेज रफ्तार बस ने अनियंत्रित होकर एक मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है।
जिले में ओवर लोडिंग की चेकिंग न होने से वाहन चालक सीट से अधिक यात्रियों को ऑटो, चार पहिया वाहन, बस या अन्य सवारी वाहनों पर सवार करते है। वाहन चालकों के अंदर इस बात का खौफ ही नहीं है कि अगर वह सीट से अधिक यात्री बैठाते हैं तो उसे निश्चित रूप से जुर्माना देना होगा।