विकास खंड हैंसर बाजार के गोपीपुर के सीवान में खराब पड़ा राजकीय नलकूप।संवाद
प्रदेश सरकार ने बजट में नलकूपों की मरम्मत के लिए धनराशि का प्रवाधान किया
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। बुधवार को विधानसभा में वर्ष 2023-24 के लिए पेश किए गए बजट में बंद नलकूपों के पुनर्निर्माण की व्यवस्था होने से किसानों के उम्मीदों को पंख लग गए हैं। किसानों का कहना है की नलकूपों के चालू होने से खेती का काम लाभकारी होगा।
कभी सिंचाई का मुख्य साधन रहे नलकूप करीब एक दशक से मरम्मत के अभाव में बंद हैं। कई नलकूप गांव के सिवान में शोपीस बने हुए हैं तो ऐसे तमाम नलकूप हैं, जिनकी पाइप लाइन और कुलावा ध्वस्त होकर खेत तक पानी पहुंचने में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। सरकार ने ऐसे राजकीय नलकूपों की मरम्मत के लिए बजट में प्रावधान कर एक बार फिर खेती के कार्य को आसान बनाने की कोशिश की है।
क्षेत्र के गोपीपुर, रूपिन, करनपुर, बंडा बाजार, बरपरवा, धनघटा, टेमहा, प्रजापति पुर, बैकुंठपुर आदि गांवों में लगाए गए नलकूप वर्षों से खराब हैं। किसान शिव कुमार सिंह, रामकेश यादव, राम पलट मौर्य, योगेंद्र सिंह आदि का कहना है कि सरकार ने बजट में पुराने नलकूपों के मरम्मत और पुनर्निर्माण की व्यवस्था करके किसानों के हित में कदम उठाया है। सरकार की तरफ से उठाया गया कदम सही सलामत धरातल पर उतरे तो सिंचाई की व्यवस्था सुदृढ़ हो जाएगी।