संतकबीरनगर। शहर के ठेला व पटरी पर दुकान लगाने वालों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने की पालिका प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए शुगर मिल से एचआरपीजी कॉलेज रोड पर वेंडिंग जोन बनाया जाएगा।
पालिका प्रशासन का दावा है कि दो से तीन दिन में वेंडिंग जोन बनाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसके बाद दुकानों को वहां पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे शहरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में शहर के नेहरू प्रतिमा के पास फल विक्रेता ठेला लगाते हैं। साथ ही पटरियों पर भी दुकानदारों का कब्जा हो गया है। इसके साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर भी ठेले पर दुकानें लगती है। शहर के एचआर इंटर काॅलेज, शास्त्री नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी ठेला व पटरी दुकानदारों का कब्जा बना हुआ है। जिससे शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए पिछले दिनों एडीएम जय प्रकाश व ईओ अवधेश भारती ने व्यापारियों के साथ बैठक की थी।
बैठक के बाद पालिका प्रशासन ने तय किया है कि ठेला व पटरी दुकानदारों को शुगर मिल से एचआरपीजी कॉलेज के बीच में पटरियों पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए यहां पर वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। वेंडिंग जोन बनाने का कार्य दो से तीन दिनों में शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। पालिका प्रशासन के इस कदम से शहर में जाम की समस्या को दूर करने के काफी हद तक मदद मिलेगी और लोगों को आने-जाने में होने वाली परेशानी दूर होगी।