भाजपा नेता को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास
- पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। क्षेत्र के रामपुर छितौनी गांव के पास लकड़ी ठेकेदार के ड्राइवर ने भाजपा नेता को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। आरोप है कि सोमवार को हरे पेड़ की कटान करके लकड़ी ले जाने की सूचना एसडीएम को देने से ठेकेदार नाराज था। पीड़ित भाजपा नेता ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इधर सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने लकड़ी को सीज कर दिया।
भाजपा के हैंसर मंडल अध्यक्ष पीएन सिंह का आरोप है कि रामपुर छितौनी गांव के पास हरे आम के पेड़ की कटान हो रही थी। कटान स्थल से ट्रैक्टर-ट्रॉली से लकड़ी ढोई जा रही थी। आरोप है कि हरे पेड़ काटे जाने की सूचना उन्होंने एसडीएम को दिया तो एसडीएम ने लकड़ी न जाने पाए की बात कहकर थोड़ी देर में आने की बात कही। भाजपा नेता ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा करके उसे रोकने का प्रयास किए तो लकड़ी माफिया के कहने पर चालक उनके ऊपर ट्रैक्टर-ट्राली चढ़ाने का प्रयास किया। सूचना पर एसडीएम प्रमोद कुमार जब तक पहुंचते, तब तक कटान स्थल से मजदूर और ठेकेदार भाग निकले। एसडीएम ने बताया कि मौके पर तीन फेटा, तीन टांगा, जप्त किया गया। लकड़ी माफिया के खिलाफ कार्रवाई का आदेश वन विभाग के रेंजन को दिया गया है। दूसरी तरफ भाजपा के हैंसर मंडल अध्यक्ष पीएन सिंह ने ट्रैक्टर चालक और लकड़ी ठेकेदार के खिलाफ थाने में तहरीर देकर केस दर्ज किए जाने की मांग की। एसओ ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।