बखिरा। दो माह पूर्व मुकेश जायसवाल की दुकान से आठ लाख नकदी चोरी का मामला अभी शांत नहीं हुआ था, कि शुक्रवार रात मुकेश के भाई मनीष जायसवाल की बखिरा कस्बे में स्थित किराना थोक की दुकान से 9.40 लाख की चोरी हो गई। शटर के एक हिस्से को भारी वस्तु से थोड़ा सा उठाकर चोर अंदर घुसे थे। घटना से कस्बे के कारोबारियों में दहशत है। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बखिरा निवासी किराना कारोबारी मनीष जायसवाल ने बताया कि वह दुकान को साढ़े आठ बजे बंद करके कस्बे में टहलने चले गए। सभी कर्मचारी भी घर चले गए। आधे घंटे बाद एक व्यक्ति ने फोन करके बताया कि दुकान का शटर उठा हुआ है। दुकान पर पहुंचे तो सारा सामान ठीक मिला, लेकिन कैश बॉक्स से नौ लाख चालीस हजार रुपया गायब मिला। चोर सीसीटीवी के लिए लगा हुआ डीवीआर बॉक्स भी उठा ले गए थे। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई है। आसपास लगे हुए कैमरों को खंगाल कर पुलिस चोरों की पहचान करने में लगी हुई है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।
चोरी की अन्य घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ
बखिरा। 14 अप्रैल को मुकेश जायसवाल की किराना दुकान से चोर आठ लाख नगद उठा ले गए थे। कुछ लोगों से सख्ती से पूछताछ हुई पर खुलासा नहीं हो सका। इसी के दो दिन बाद ही मंगलवार को बाजार लगने के दिन ही टप्पेबाज दिनदहाड़े 26.50 ग्राम सोने के जेवर लेकर भाग गए। इसी तरह पुलिस चौकी के पीछे एक दुकान से चोरी, परतिया में किराना दुकान से चोरी की वारदात, पुलिस चौकी से 100 मीटर पर स्थित एक घर से जेवर की चोरी की घटना का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है।