मेंहदावल थाना क्षेत्र के जब्बार गांव में चोरी के बाद जांच करते सीओ अंबरीष भदौरिया।
मेंहदावल। मंगलवार की रात मेंहदावल क्षेत्र के विसौवा चौकी क्षेत्र के विभिन्न गांव के छह घरों में घरों में चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चार घरों में पांच लाख से अधिक के सामान पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, दो घरों में चोर सफल नहीं हुए। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी विसौवा के अंतर्गत साड़ेकला गांव निवासी विजय बहादुर सिंह के मंगलवार की रात चोर घर में घुस गए। आलमारी से 30,000 नकदी समेत दो जोड़ी बाली, सोने की चेन तथा चांदी के सामान आदि लेते गए। इसी तरह से गोविंदपुर में प्रेम नारायण गुप्ता के यहां सूटकेस तोड़कर 75,000 रुपये समेत करीब डेढ़ लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। इसी गांव के दिनेश कुमार मौर्य के यहां भी सोने के जेवरात समेत करीब 75,000 की चोरी हुई। वहीं, जब्बार निवासी शेर बहादुर सिंह के यहां 10,000 नकदी, एक सोने की अंगूठी तथा मंगलसूत्र समेत करीब एक लाख रुपये की चोरी हो गई। जबकि, सोनोरा गांव निवासी राजेश कुमार सिंह तथा एकल शुक्ला निवासी वैभव शुक्ला के घर चोर कामयाब नहीं हो सके।
मंगलवार की रात चोरों ने मेंहदावल क्षेत्र में करीब पांच लाख रुपये से अधिक की चोरी की। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटनाओं के पर्दाफाश के लिए टीम गठित की गई है। थानाध्यक्ष विजय कुमार दुबे ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की गई। फॉरेंसिक टीम मौके पर बुलाई गई थी। साथ ही सर्विलांस टीम भी घटना के खुलासे के लिए लगाई गई है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।