शटर तोड़कर दो दुकानों में चोरी
धनघटा (संतकबीरनगर)। महुली-बस्ती मार्ग पर छितही गांव के पास स्थित दो दुकानों का ताला तोड़कर मंगलवार रात चोरों ने चोरी की वारदात की। चोर इन्वर्टर, बैटरी और नकदी उठा ले गए।
बस्ती जनपद के लालगंज क्षेत्र के खोरिया गांव निवासी मुराली लाल गुप्ता की छितही गांव के पास प्लास्टिक के सामान की दुकान है। मुराली ने बताया कि वह मंगलवार की शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में अज्ञात चोर दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। दुकान में लगा इन्वर्टर, बैटरी, साउंड, व काउंटर में रखा 1,500 रुपये चुरा ले गए।
दूसरी घटना उनकी दुकान के सामने बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में हुई। चोर उस दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और चोरी की वारदात की। पीड़ित नूरलैड ने बताया कि चोर काउंटर का ताला तोड़कर उसमें रखा करीब 600 रुपये उठा ले गए। दोनों पीड़ित दुकानदारों की सूचना पर एसआई दद्दन राय मौके पर पहुंचकर जांच की। एसआई ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद