मगहर के मोहनलालपुर मोहल्ले की घटना, पुलिस ने की जांच-पड़ताल
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। कोतवाली क्षेत्र की मगहर चौकी अंतर्गत नगर पंचायत मगहर के मोहनलालपुर मोहल्ले में शनिवार की रात एक मकान का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। घर में रखी आलमारी से नकदी, स्कूटी सहित अन्य सामान उठा ले गए। भवन स्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है।
गोरखपुर जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम पट्टीधर्मदास निवासी विनय कुमार शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मगहर कस्बे के मोहनलालपुर मोहल्ले में बंधे के किनारे मकान बनवा कर रहते हैं। उनकी बहन की शादी 28 नवंबर को है। वैवाहिक कार्यक्रम अपने पैतृक गांव से आयोजित हो रहा है। इस कारण उनका पूरा परिवार मगहर से गांव चला गया है।
उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह किसी के जरिए जानकारी दी गई कि उनके घर का ताला टूटा है। दरवाजे खुले हुए हैं। सूचना मिलने के तत्काल बाद गांव से आए। जब उन्होंने घर में जाकर देखा तो आलमारी टूटी मिली। उसमें रखा सामान अस्त-व्यस्त व बिखरे पड़े हैं। आलमारी के लाॅकर को देखा तो उसमें रखे नकद दस हजार रुपये गायब थे। इसके साथ ही घर में खड़ी स्कूटी, इंवर्टर की बैटरी आदि सामान गायब मिले हैं। उन्होंने बताया कि बोरे में बांध कर दो बड़ी बैटरी रखी थी। इस पर चोरों की नजर नहीं पड़ी। इस घटना की जानकारी मगहर पुलिस को दी है।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज उदयशंकर द्विवेदी ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद हमराही सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचकर जांचकर विभिन्न पहलुओं पर नजर रखी जा रही है। कुछ सुराग मिले हैं। एक-दो दिन में चोरी का खुलासा हो जाएगा।