बिजली ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा युवक, करंट लगने से झुलसा
बस्ती जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर हुआ रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां (संतकबीरनगर)। दुधारा क्षेत्र के रक्शा कला गांव में मंगलवार को बिजली फाल्ट ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा प्राइवेट कर्मी करंट की चपेट में आकर नीचे गिर गया। वह गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बस्ती जनपद के रुधौली क्षेत्र के हटवा बाजार गांव निवासी इश्तियाक अहमद उर्फ गुड्डू (21) पुत्र अनवर अली रक्शा कला गांव में किसी के बुलाने पर बिजली फाल्ट को ठीक करने गए थे। रक्शा कला गांव में अगल-बगल से दो फीडर संचालित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली फाल्ट हटवा बाजार फीडर की लाइन से हुआ था। शट डाउन लिया गया था, लेकिन गलती से प्राइवेट कर्मी महुआरी फीडर के खंभे पर चढ़ गया। 11 हजार वोल्टेज की आपूर्ति चालू थी। खंभेे पर चढ़ते समय तार के स्पर्श करने से करंट की चपेट में आकर वह नीचे गिर गया।
हादसे में प्राइवेट लाइनमैन झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया, जहां से स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।घायल कर्मी की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। इस संबंध में करमाखान उपकेंद्र के जेई इंद्रेश गुप्ता ने बताया कि वह संविदा कर्मी नहीं है। तीन दिन पहले वह स्थानांतरण होकर आए हैं। बिना संविदा कर्मी रहे वह कैसे काम कर रहा है, इसकी जानकारी ली जाएगी। करंट लगने की सूचना पर वह मौके पर गए थे।