सीएमओ कार्यालय में सीएमओ से वार्ता करते टेलीमेडिसिन सेंटर के कर्मचारी।
- फोटो : KHALILABAD
छह माह से मानदेय न मिलने पर कर्मियों ने टेलीमेडिसिन सेंटर पर जड़ा ताला
सीएमओ से लगाई गुहार
संतकबीरनगर। जिले के छह सीएचसी पर खुले टेलीमेडिसिन सेंटर के कर्मचारियों को छह माह से मानदेय नहीं मिला है। जिसकी वजह से सेंटर पर कर्मियों ने ताला जड़ दिया है। इन कर्मियों को तैनात करने वाली संस्था का कुछ पता नहीं है। अब इन कर्मियों को मानदेय कौन देगा, यह समझ से परे है। टेलीमेडिसिन सेंटर पर तैनात कर्मियों ने सीएमओ से मिलकर मानदेय दिलाने की मांग की।
सीएचसी खलीलाबाद समेत छह सीएचसी पर टेलीमेडिसिन सेंटर खुला हुआ है। इस सेंटर के माध्यम से लखनऊ में बैठे विशेषज्ञ चिकित्सक ऑनलाइन मरीजों को देखते हैं। सेंटर की स्थापना वर्ष 2019 में की गई थी। उस समय इन कर्मियों की तैनाती शासन स्तर से नामित एक संस्था ने की थी। उसके बाद से कर्मियों को मानदेय मिलता रहा है। इधर छह माह से कर्मियों को मानदेय मिलना बंद हो गया। कर्मियों ने जब अपने जिला समन्वयक से संपर्क किया तो समन्वयक ने संस्था छोड़ने की बात करते हुए टेलीमेडिसिन सेंटर को बंद करने का सुझाव दिया। जिसके बाद जिले के छह टेलीमेडिसिन सेंटर पर एक माह से ताला लटका है। इन सेंटर पर तैनात कर्मी सीएमओ से मिले और मानदेय दिलाए जाने की मांग की। सीएमओ ने जब इन कर्मियों से तैनाती का प्रमाण मांगा तो सिर्फ स्टाफ नर्स के पास तैैनाती से संबंधित कागज मिले, जबकि टेक्नीशियन के पास कोई कागजात नहीं मिला। तैनात करने वाली संस्था को फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। सीएमओ डॉ अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि छह टेलीमेडिसिन सेंटर पर कुल 12 कर्मी हैं, जिनको मानदेय नहीं मिला है। इसके लिए एनएचएम और महानिदेेशक स्वास्थ्य को पत्र लिखा जा रहा है। जिससे कि इन कर्मियों को मानदेय मिल सके।