मेहदावल। मेंहदावल क्षेत्र में स्थित राप्ती नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। वर्तमान समय नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2.5 मीटर नीचे हैं। फिर भी अधिकारी सतर्कता बरत रहे हैं और तटबंध की लगातार निगरानी की जा रही है।
मेंहदावल विकासखंड क्षेत्र में राप्ती नदी के बाढ़ विभीषिका से बचाने के लिए 19.200 मीटर लंबा तटबंध करमैनी बेलौली बना हुआ है। कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया था। वर्तमान समय में नदी का जलस्तर लगातार नीचे आ रहा है। लाल निशान से 2.50 मीटर नीचे नदी का पानी बह रहा है। तटबंध को सुरक्षित करने के लिए अति संवेदनशील कटान स्थल नौगो, विशुनपुर, बढ़या ठाठर, जोरदार, बेलौली आदि स्थानों पर बोल्डर पीचिंग के कार्य पूर्ण कराए गए हैं। जिससे नदी का जलस्तर यदि बढ़े भी तो तटबंध पर जलस्तर का कोई दबाव न पड़े।
-
लगातार हो रही है तटबंध की निगरानी
राप्ती का जलस्तर भले ही लगातार नीचे आ रहा हो लेकिन जलस्तर घटने के बाद भी ड्रेनेज खंड द्वितीय के अधिकारी लगातार तटबंध की निगरानी कर रहे हैं। बाढ़ निरोधक कार्यों का आवश्यकता अनुसार कार्य भी कराएं जा रहे हैं। विभागीय कर्मचारी रात में तटबंध पर रहकर जल स्तर तथा बांध की लगातार निगहबानी कर रहे हैं। इसी के साथ ही यदि जलस्तर बढ़ता है तो बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तथा तटबंध को सुरक्षित करने के लिए पत्थर की गिट्टी मोरंग सदा बालू आदि का भंडारण भी बढ़या ठाठर स्थित छावनी पर किया गया है।
कोट
राप्ती नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। वर्तमान समय में खतरे के निशान से 2.5 मीटर नीचे नदी बह रही है। तटबंध को सुरक्षित करने के लिए विभागीय कर्मचारी लगातार तटबंध पर डेरा डाले हुए हैं। तटबंध पूरी तरह से सुरक्षित है कहीं से भी जल स्तर बढ़ने के बाद भी तटबंध पर जलस्तर का कोई दबाव नहीं रहेगा।
-दिनेश कुमार, अवर अभियंता, ड्रेनेज खंड