रामजानकी मार्ग पर गडढा पाटते लोग - संवाद
-रामजानकी मार्ग पर किया श्रमदान, गड्ढे को मिट्टी और गिट्टी से पाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। रामजानकी मार्ग के निर्माण में लगी संस्था की लापरवाही का खामियाजा राहगीर भुगत रहे हैं। सड़क पर पुलिया बनाने के लिए महीना भर पहले गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया और पुलिया का निर्माण अभी तक शुरू नहीं किया गया। इसके कारण लोग उसमें गिरकर आए दिन घायल हो रहे हैं। खाजो गांव के पास कार्यदायी संस्था के जरिये खोद कर छोड़े गए गड्ढे को पाटने के लिए गांव के लोग फावड़ा उठाने को मजबूर हो गए।
खाजो निवासी राजन राय, दिलीप राय, अशोक राय, नितेश राय आदि ने कहा कि धनघटा से बसवारी गांव तक सात स्थानों पर पुलिया निर्माण के लिए सड़क पर गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया। यहां पुलिया के निर्माण का कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरकर साइकिल, बाइक सवार आए दिन घायल हो रहे हैं। दो दिन पहले गड्ढे में बाइक समेत गिरकर बारीडीहा गांव निवासी युवक और उसकी रिश्तेदार महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। गड्ढे को गांव के लोगों ने बुधवार को पाट दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर गड्ढा तभी खोदा जाए, जब उस पर निर्माण कार्य शुरू करना हो। गड्ढा खोदकर छोड़ने से हादसा होने में देर नहीं होती है। लोगों ने मांग की कि जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण कराया जाए।