-डीएम ने पहल करते हुए शासन को भेजा था पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने जनता दर्शन के दौरान प्राप्त एक फरियादी के प्रकरण का संज्ञान लेते हुए गोरखनाथ चौहान के सऊदी अरब की जेल से रिहाई और भारत वापसी के संबंध में शासन को पत्र लिखकर अवगत कराया था। इस पर सकारात्मक कदम उठाए गए हैं।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर के मुताबिक पत्र के संज्ञान में शासन द्वारा भारतीय दूतावास एवं विदेश मंत्रालय से गोरखनाथ चौहान की रिहाई के संबंध में सऊदी अरब के अधिकारियों से मानवीय आधार पर माफ करने और जेल से उनकी रिहाई के लिए अनुरोध किए जाने की पहल की गई। जेद्दाह में स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा अवगत कराया गया है कि गोरखनाथ चौहान को सड़क दुर्घटना के केस में गिरफ्तार किया गया था और मृतक के परिवार ने उन पर मुआवजे के लिए कोर्ट केस किया है।
सऊदी अरब की कोर्ट ने सऊदी रियाल 2,25,000 मुआवजा मृतक के कानूनी उत्तराधिकारी को देने का आदेश दिया है। इस परिदृश्य में गोरखनाथ की रिहाई मृतक के परिवार को सऊदी रियाल 2,25,000 की मृत्यु मुआवजा राशि के भुगतान पर निर्भर है।