मेंहदावल। क्षेत्र में भेड़िए की दहशत से ग्रामीण भयभीत हो गए। रविवार सुबह क्षेत्र के श्रीनगर में सियार ने गांव ने तीन लोगों के ऊपर हमला कर दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने भेड़िया समझकर उसे घेरा और लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला। वन विभाग इसे सियार बता रहा है।
मेंहदावल क्षेत्र के श्रीनगर गांव में रविवार की सुबह गांव के उमेश कुमार घर से निकलकर साइकिल से जा रहे थे, तभी एक जानवर ने उनके ऊपर झपट्टा मारा। जिसके बाद वह साइकिल से गिर गए। उसके बाद जंगली जानवर भाग कर दूसरे के घर पर गया लेकिन तभी ग्रामीण चौकन्ने हो गए। जानवर अकरम की दुकान पर पहुंच गया, तभी उसने शोर मचाया। जानवर नरकट में घूस गया।
लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं निकला। ग्रामीणों ने पटाखे फोड़े। पटाखा फोड़ने की आवाज से वह बाहर निकला तो ग्रामीणों ने उसे लाठी-डंडे से पीट दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना वन विभाग को मिली। मेंहदावल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसओ केपी सिंह और वन रेंजर आरके यादव ने बताया कि जानवर भेड़िया नहीं सियार था।