संतकबीरनगर। जिले के सभी थाना क्षेत्र में भीषण ठंड को देखते हुए व चोरी की वारदात की रोकथाम के लिए अलाव के साथ ग्राम सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित की गईं। इस दौरान ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ चोरी की घटनाओं की रोकथाम के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। गांव अथवा मोहल्ले में रात्रि में कोई अपरिचित व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। साथ ही दिन के समय विशेष रूप से फेरी लगाने वाले अथवा किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में भी जानकारी देने को कहा गया जो क्षेत्र में संदिग्ध रूप से रह रहा हो। ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की गई। साथ ही आपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों से अपील किया गया कि वह अपने-अपने घरों, कालोनियों व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं और एक कैमरे से सड़क पर भी निगरानी रखें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि सीसीटीवी कैमरे निरंतर क्रियाशील रहें ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।