मेंहदावल थाने पर प्रदर्शन करते थरौली के ग्रामीण-संवाद
मेंहदावल। थाना क्षेत्र का थरौली गांव फिर चर्चा में है। काश्तकारों ने प्रधान पुत्र पर चकबंदी के दौरान 6 लाख 62 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। काम नहीं होने पर काश्तकारों पैसा मांगने पर मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित लोगों ने थाने में तहरीर देकर प्रधान पुत्र के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायती पत्र में सोमई, फूलचंद, महेंद्र, रामसागर आदि लोगों ने कहा है कि थरौली गांव के पूर्व प्रधान व वर्तमान प्रधान के पुत्र दीप नारायण शर्मा ने चकबंदी के दौरान छल करके अलग अलग लोगों से लगभग 6 लाख 62 हजार रुपये वसूल लिए। काम न होने पर पैसा मांगा जा रहा है तो वह एक-दूसरे को लड़ाने का काम कर रहे हैं। साथ ही मारने की धमकी भी दी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रधान पुत्र के खिलाफ मेंहदावल थाने पर प्रदर्शन किया। उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
दूसरी तरफ प्रधान पुत्र दीप नारायण शर्मा ने आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि पंचायत चुनाव करीब होने के नाते यह सब साजिश की गई है। शिकायतकर्ता दो बीघा की जगह पांच बीघा जमीन पर अवैध रूप से काबिज है। इसके कारण दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। थानाध्यक्ष मेंहदावल सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रधान पुत्र के खिलाफ शिकायत मिली है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। अगर मामला सत्य मिला तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।