रेलवे स्टेशन खलीलाबाद पर लगे परिवहन विभाग केे सहायता केन्द्र पर पहुंचे परीक्षार्थी
संतकबीरनगर। जनपद में आरओ व एआरओ की परीक्षा के लिए प्रशासनिक मुस्तैदी उच्चस्तर पर थी। एआरटीओ की तरफ से खलीलाबाद शहर के रेलवे स्टेशन एवं मेंहदावल बाईपास ओवर ब्रिज के नीचे हेल्प डेस्क बनाया गया था। जहां पर पेयजल की व्यवस्था के साथ ही विभागीय कर्मचारी अभ्यर्थियों को सेंटर के बारे में जानकारी देने में जुटे रहे। विभाग की तरफ से 53 छोटे-बड़े वाहनों की व्यवस्था किया गया था। इनसे 250 अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र पर पहुंचाया गया।
जिले में समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा के लिए आने वाले अभ्यर्थियों के आवागमन की सुविधा संभागीय परिवहन विभाग की तरफ से किया गया था। 26 जुलाई को दोपहर बाद से ही खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास ओवर ब्रिज के नीचे एवं खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाया गया था। जहां पर अभ्यर्थी पहुंचकर अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी लेने में जुटे रहे। अभ्यर्थियों को सेंटर तक पहुंचने में कोई समस्या न हो इसके लिए पहले से ही वाहन रिजर्व कर लिए गए थे।
दोनों हेल्प डेस्क के पास 36 ई-रिक्शा, दो बस और 15 बोलेरो गाड़ी की व्यवस्था थी। हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मियों की मानें तो दोनों स्थानों पर लगभग 250 अभ्यर्थी पहुंचकर अपने परीक्षा केंद्र के बारे में जानकारी लिए। जिन्हें पूर्व से ही रिजर्व वाहन से परीक्षा केंद्र तक भेजा गया।
प्रशासनिक मुस्तैदी से नहीं लगा जाम : खलीलाबाद शहर में परीक्षा को देखते हुए सभी चौक एवं चौराहों पर पुलिस प्रबंध किया गया था। यातायात पुलिस के जवान भी चौक चौराहों पर मुस्तैद रहे। जो अभ्यर्थियों के पूछताछ करने पर केंद्र के बारे में भी जानकारी देते रहे। प्रशासनिक जिम्मेदारों के अनुसार आरओ और एआरओ परीक्षा में 8,304 अभ्यर्थी को शामिल होना था। शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो इसके लिए प्रर्याप्त व्यवस्था किया था।