मेंहदावल। ठाकुरद्वारा मोहल्ले में महिला को भविष्य बताने का झांसा देकर एक टप्पेबाज उसकी सोने की चेन और नकदी लेकर फरार हो गया। मामले की सूचना मिलने पर मेंहदावल पुलिस सीसीटीवी कैमरे आदि के जरिए जांच में जुट गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मेंहदावल पुलिस को दिए तहरीर में दीपक जायसवाल पुत्र मोहन लाल निवासी मोहल्ला सानी केवटलिया ने बताया है कि उनकी माता मंगलवार की शाम चार बजे थायराइड की जांच के लिए गई थीं। वापस आते समय ठाकुरद्वारा मंदिर के पास एक अज्ञात युवक उनसे मिला। उसने भविष्य बताने की बात कहकर उन्हें झांसे में ले लिया। काफी देर तक आरोपी उनसे बात करता रहा। मौका पाकर सोने की चेन, पांच हजार नकद, कान का झाला और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।
खोजबीन करने पर उसका कुछ पता नहीं चला। मेंहदावल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ टप्पेबाजी का केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल रामकृपाल सिंह ने कहा कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।प